बिद्युत महतो / रफ्तार मीडिया संवाददाता, ईचागढ़
चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत पांड्रा गांव में सोमवार दोपहर करीब दो बजे वज्रपात की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। हादसा उस समय हुआ, जब पांचों महिलाएं खेत में धान की निकाई कर रही थीं। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर पांड्रा गांव की पांच महिलाएं खेत में धान की निकाई कर रही थीं। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और बारिश के बीच आकाशीय बिजली खेत में गिर गई। इसकी चपेट में आने से सोनामनी महतो (41), पति आशीर्वाद महतो और मुक्ता महतो (35), पति पुयतु महतो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, सुनीता महतो, पति संतोष महतो, भानु महतो, पति रविलाल महतो और सरिता गोप, पति कृष्णा पद गोप गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और पुलिस मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ईचागढ़ ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सीएचसी प्रभारी डॉ. हरेंद्र सिंह मुंडा ने बताया कि तीनों घायल महिलाओं का उपचार किया जा रहा है। उनकी स्थिति पर चिकित्सकों की टीम लगातार निगरानी रख रही है। घटना की सूचना मिलते ही तिरुलडीह थाना प्रभारी कौशल कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों मृत महिलाओं के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेजा जाएगा। एक ही घटना में दो महिलाओं की मौत और तीन के घायल होने से पांड्रा गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीण इस हादसे से गहरे सदमे में हैं।