दीपचंद्र दीक्षित ब्यूरो
नवाबगंज फर्रुखाबाद। थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव गंगलऊ परमनगर के पास रेलवे लाइन पर पोल संख्या 153/3 के निकट सोमवार सुबह करीब 25 वर्षीय युवक का क्षतविक्षत शव पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की।
बताया गया कि सुबह करीब सवा आठ बजे रेलवे कर्मचारी ने शमसाबाद स्टेशन पर घटना की सूचना दी। स्टेशन मास्टर पुत्तन लाल ने जीआरपी, यूपी-112 पुलिस और उच्चाधिकारियों को जानकारी दी। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई गई कि युवक रात के समय किसी ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। बाद में परिजनों ने शव की पहचान थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव कांधेमई निवासी करन पुत्र कैलाश शाक्य के रूप में की। परिजनों के अनुसार करन मानसिक रूप से अस्वस्थ था और रात में घर में सो रहा था। किसी समय वह घर से निकल गया। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
ट्रेन की चपेट में युवक के आने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे तो रेल पटरी के किनारे करन का शव पड़ा मिला। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके दो बड़े भाई ओमकार और रोहित तथा एक विवाहित बहन है। बेटे की मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्टेशन मास्टर की सूचना पर थाना नवाबगंज पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।