भोपाल। पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक के साथ भोपाल रेल मंडल क्षेत्र के माननीय सांसदों की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को आयोजित की गई। बैठक केन्द्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद बैतूल दुर्गा दास उईके की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।

                      इस बैठक में यात्री सुविधाओं के विस्तार, नई रेल सेवाओं, ट्रेनों के ठहराव, स्टेशन पुनर्विकास, रेलमार्गों के निर्माण तथा रेल सुरक्षा एवं अधोसंरचना विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

                    बैठक में माननीय केन्द्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद बैतूल दुर्गा दास उईके, सांसद राजगढ़ रोडमल नागर, सांसद होशंगाबाद (नर्मदापुरम) दर्शन सिंह चौधरी, सांसद राज्य सभा नर्मदापुरम माया नारोलिया, सांसद सागर डॉ. लता वानखेड़े, सांसद ग्वालियर भारत सिंह कुशवाह, सांसद राज्य सभा सागर रजनीश कुमार अग्रवाल, सांसद राज्य सभा अशोक सिंह एवं सांसद भोपाल आलोक शर्मा के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

                   बैठक में अन्य सांसदों ने अपने प्रतिनिधियों के माध्यम से सुझाव प्रस्तुत किए। बैठक के प्रारंभ में महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने सभी माननीय सांसदों का स्वागत किया। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना तथा भोपाल-रामगंजमंडी नई रेल लाइन सहित विभिन्न रेल विकास परियोजनाओं की जानकारी दी। मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से भोपाल मंडल में संचालित विकास कार्यों की प्रगति से अवगत कराया।