मोतिहारी | ओमप्रकाश तिवारी

शनिवारीय जनता दरबार में शनिवार को श्रम अधीक्षक, पूर्वी चंपारण सत्य प्रकाश ने बकाया मजदूरी से संबंधित छह शिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान नगर परिषद रक्सौल के सफाई कर्मियों से संबंधित मामले का निष्पादन किया गया।

सफाई कर्मियों की बकाया मजदूरी के भुगतान को लेकर संबंधित कंपनी को राशि का भुगतान करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सफाई कर्मियों के हड़ताल पर जाने की कार्रवाई को स्थगित कराया गया।

श्रम अधीक्षक सत्य प्रकाश ने जिले के सभी श्रमिकों से अपील की कि यदि किसी श्रमिक की बकाया मजदूरी नियोजक द्वारा नहीं दी जाती है, तो वे प्रत्येक शनिवार को श्रम अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। प्राप्त शिकायतों पर नियमानुकूल कार्रवाई करते हुए बकाया राशि का भुगतान नियोजक से कराया जाएगा।