फेनहारा  गुलसन की रिपोट

पूर्वी चंपारण जिले के फेनहारा प्रखंड में बुधवार को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक के समीप क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ताओं ने एक दिवसीय धरना दिया। इस दौरान छह सूत्री मांगों को प्रशासन के समक्ष रखते हुए सड़क, जलनिकासी, पोखरों की सफाई, छठ घाट निर्माण और सार्वजनिक सुविधाओं की बदहाल स्थिति पर ध्यान आकृष्ट कराया गया।

धरने की अध्यक्षता सामाजिक कार्यकर्ता एवं पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी मुशर्रफ ज्या ने की। उन्होंने स्पष्ट किया कि धरने का उद्देश्य किसी जनप्रतिनिधि या राजनीतिक दल का विरोध करना नहीं, बल्कि क्षेत्र की ज्वलंत जनसमस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाकर उनका स्थायी समाधान सुनिश्चित कराना है।

धरने में प्रखंड मुख्यालय जाने वाली सड़क पर बारिश के बाद होने वाले जलजमाव की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया। इसके स्थायी समाधान के लिए समुचित जलनिकासी व्यवस्था करने की मांग की गई। साथ ही प्रखंड क्षेत्र के सभी पोखरों की साफ-सफाई कराने तथा छठ व्रतियों की सुविधा के लिए व्यवस्थित छठ घाटों का निर्माण कराने पर जोर दिया गया।

इसके अलावा हाई स्कूल चौक से परसौनी जाने वाली जर्जर सड़क की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कराने की मांग की गई। इजोबारा दक्षिणवारी टोला सहित विभिन्न पंचायतों में सड़क, गली-नाली और जलनिकासी की समस्याओं का स्थायी समाधान कराने की आवश्यकता बताई गई।

वहीं, प्रखंड मुख्यालय के पीछे स्थित जर्जर सड़क का निर्माण कराने तथा सार्वजनिक शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई। शौचालय में नियमित साफ-सफाई और रखरखाव की व्यवस्था करने पर भी बल दिया गया।

इस अवसर पर मुशर्रफ ज्या ने प्रशासन से सभी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी इन समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

धरने में अरुण कुमार, संजीत कुमार, ताबिश आलम, तालिब, अरमान और नसीम सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।