दीपचंद्र दीक्षित ब्यूरो
फर्रुखाबाद। कायमगंज क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांव समेचीपुर चितार में राहत एवं बचाव अभियान के बीच बाढ़ की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में एक सुखद खबर सामने आई। गांव में एक प्रसूता महिला ने बालक को जन्म दिया। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए जच्चा और नवजात को सुरक्षित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने बिना समय गंवाए प्रसूता महिला और नवजात शिशु को सुरक्षित तरीके से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने दोनों की जांच कर आवश्यक उपचार एवं निगरानी में रखा।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य के दौरान प्रशासन की ओर से गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं, बुजुर्गों और गंभीर रूप से बीमार लोगों को प्राथमिकता के आधार पर सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। समेचीपुर चितार में प्रसव की जानकारी मिलते ही टीम ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए जच्चा-बच्चा को सुरक्षित स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
विषम बाढ़ की परिस्थितियों के बीच प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से महिला और नवजात को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकी। वहीं जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के साथ भोजन, पेयजल, राहत सामग्री और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।