दीपचंद्र दीक्षित ब्यूरो
फर्रुखाबाद। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) संविदा कर्मचारी संघ के आह्वान पर गुरुवार को सीएमओ कार्यालय परिसर में संविदा कर्मचारियों ने पूर्ण हड़ताल कर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक चले आंदोलन में जनपदभर के करीब 250 कर्मचारियों ने भाग लिया। कर्मचारियों ने समान कार्य-समान वेतन और नियमितीकरण समेत छह सूत्रीय मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की।
संविदा कर्मचारियों का कहना है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने के बावजूद उन्हें नियमित कर्मचारियों के समान वेतन, सुविधाएं और सामाजिक सुरक्षा का लाभ नहीं मिल रहा है। लंबे समय से मांगें लंबित होने के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।
कैशलेस इलाज से लेकर ग्रेच्युटी तक की मांग
आंदोलन के दौरान कर्मचारियों ने समान कार्य के लिए समान वेतन, नियमितीकरण, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, महंगाई भत्ता, कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ), मकान किराया भत्ता (एचआरए), ग्रेच्युटी और अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति जैसी सुविधाएं देने की मांग उठाई। संघ ने शासन से कर्मचारियों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की।
12 अक्टूबर को लखनऊ कूच करेंगे कर्मचारी
संघ की ओर से बताया गया कि आठ से 10 अक्टूबर तक जनपद मुख्यालय पर आंदोलन जारी रहेगा। इसके बाद 12 अक्टूबर को जिलेभर के एनएचएम संविदा कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर लखनऊ के लिए कूच करेंगे। कर्मचारियों ने कहा कि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को आगे बढ़ाने की रणनीति बनाई जाएगी। हालांकि, हड़ताल के दौरान आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को बाधित नहीं करने की बात भी संघ ने कही।
कार्यक्रम का संचालन गीतांजलि राखी ने किया, जबकि अध्यक्षता जिलाध्यक्ष बृजेश अग्निहोत्री ने की। इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रतीप कुमार, कार्यकारी अध्यक्ष रेनू, कोषाध्यक्ष नरेंद्र चौरसिया, रुपेश कुमार, कपिल गुप्ता, डॉ. स्थान सिंह, क्षमा चतुर्वेदी, ज्योति, रोशनी, हरद्वारी, कुमारी आरती और साधना सहित बड़ी संख्या में संविदा कर्मचारी मौजूद रहे।
संघ ने शासन से छह सूत्रीय मांगों पर शीघ्र निर्णय लेकर कर्मचारियों को कार्य के अनुरूप वेतन और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।