रफ्तार संवाददाता रंजीत पालकोट। पालकोट के कंसारी मोहल्ला स्थित ऐतिहासिक चौभजी मंदिर परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ बुधवार को विधिवत दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में 72 घंटे के अखंड हरिकीर्तन की शुरुआत हुई। हरिकीर्तन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।अखंड हरिकीर्तन में दो-दो घंटे के अंतराल पर मोहल्ले की महिलाएं एवं पुरुष बारी-बारी से शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण का गुणगान करेंगे। यह अखंड हरिकीर्तन कृष्ण जन्माष्टमी के अगले दिन विधिवत समापन के साथ संपन्न होगा। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में लगातार भक्तिमय वातावरण बना रहेगा।आयोजन समिति की ओर से बुधवार से लेकर कृष्ण जन्माष्टमी के दिन तक श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया जा रहा है।मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के बीच भंडारे का प्रसाद वितरित किया जा रहा है। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है तथा समिति के सदस्य कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हुए हैं।पूजा समिति के सचिव युधिष्ठिर कंसारी ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि कृष्ण जन्माष्टमी के दिन शाम 6 बजे मटका फोड़ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद रात 10 बजे राधा-कृष्ण की भव्य झांकी प्रस्तुत की जाएगी। झांकी के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनकी लीलाओं को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।उन्होंने बताया कि जन्माष्टमी को लेकर श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी की गई है। वहीं पूजा समिति के अध्यक्ष विनीत कंसारी ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से इस धार्मिक अनुष्ठान में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।कार्यक्रम को सफल बनाने में कंसारी मोहल्ला के लोगों के साथ-साथ पालकोट के विभिन्न मोहल्लों के निवासी भी तन-मन-धन से सहयोग कर रहे हैं। अखंड हरिकीर्तन शुरू होने के साथ ही चौभजी मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया है।