सोनाहातु  दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर सोनाहातु थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी प्रेम प्रदीप ने की।
बैठक में क्षेत्र के सभी दुर्गा पूजा समितियों के सदस्य उपस्थित थे। थाना प्रभारी ने सभी पूजा समितियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि पूजा के दौरान डीजे का साउंड कम आवाज में बजाया जाए, ताकि अगल-बगल रहने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। ध्वनि प्रदूषण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
थाना प्रभारी ने आगे कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। शराब बेचने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए पुलिस की पेट्रोलिंग बढ़ा दी जाएगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि पूजा के दौरान अगर किसी व्यक्ति द्वारा हुड़दंग या अशांति फैलाने का प्रयास किया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सभी समितियों से प्रशासन का सहयोग करने और शांति बनाए रखने की अपील की गई।