कासगंज / जितेंद्र सिंह

कासगंज। शहर के नदरई गेट स्थित मिशन चौराहे पर बिना रजिस्ट्रेशन और ऑपरेशन थियेटर (ओटी) लाइसेंस के संचालित हो रहे सिद्धि विनायक हॉस्पिटल एंड कौशल अल्ट्रासाउंड सेंटर के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। नोडल अधिकारी डॉ. मदन कुमार ने पुलिस बल की मौजूदगी में अस्पताल पर छापेमारी कर उसे सीज कर दिया। कार्रवाई के दौरान अस्पताल में हाल ही में हड्डियों का ऑपरेशन कराए गए मरीज भर्ती मिले।

बिना लाइसेंस के किए जा रहे थे ऑपरेशन

स्वास्थ्य विभाग को शिकायत मिली थी कि उक्त अस्पताल बिना वैध पंजीकरण और ओटी लाइसेंस के संचालित किया जा रहा है। इसके बावजूद अस्पताल में मरीजों की सर्जरी की जा रही थी। सूचना पर नोडल अधिकारी डॉ. मदन कुमार स्वास्थ्य विभाग की टीम और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान अस्पताल में हड्डियों के ऑपरेशन कराए मरीज भर्ती पाए गए। टीम ने मरीजों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई और अनियमितताएं सामने आने पर अस्पताल को तत्काल सीज कर दिया।

दो वर्षों में कई बार हो चुका है सीज

सिद्धि विनायक हॉस्पिटल पहले भी स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के चलते चर्चा में रहा है। बताया जा रहा है कि पिछले दो वर्षों में अस्पताल को कई बार सीज किया जा चुका है। करीब दो महीने पहले भी अस्पताल पर सील लगाने की कार्रवाई हुई थी। इसके बावजूद दोबारा कथित रूप से अवैध तरीके से अस्पताल का संचालन किए जाने का मामला सामने आया है। कार्रवाई के दौरान डॉ. हरेंद्र कुमार अतरी को भी सख्त चेतावनी दी गई।

अवैध अस्पतालों के खिलाफ जारी रहेगा अभियान

नोडल अधिकारी डॉ. मदन कुमार ने कहा कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार के निर्देशन में जिलेभर में अवैध अस्पतालों, क्लीनिकों, पैथोलॉजी लैब और डायग्नोस्टिक सेंटरों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। बिना रजिस्ट्रेशन और निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित किसी भी स्वास्थ्य संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे संस्थानों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। अवैध रूप से अस्पताल चलाने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।