राजु मंडल रफ्तार मीडिया सवाददाता गांडेय
गांडेय: थाना क्षेत्र के पहरीडीह गांव में आयोजित मीना बाजार मेला घूमने गए एक ही परिवार के तीन लोगों पर पुराने विवाद को लेकर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया गया। इस हमले में एक महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में सजदा खातून, सरताज अंसारी और नाजमुन्नीसा शामिल हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गांडेय लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह रेफर कर दिया गया।
पीड़िता सजदा खातून द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, वे लोग पहरीडीह में लगे मीना बाजार मेले में गए हुए थे। इसी दौरान पूर्व के विवाद को लेकर गांव के ही कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी।
आवेदन में पहरीडीह निवासी बदरुद्दीन मियां, रब्बानी मियां, चांद मियां, बकरीद मियां, नसीरुद्दीन मियां, इरफान अंसारी और हंसनेन अंसारी पर मारपीट और जानलेवा हमले का आरोप लगाया गया है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पूर्व में भी विवाद और मारपीट हुई थी, उसी रंजिश को लेकर मेले में दोबारा यह हमला किया गया।
घटना के बाद पुलिस को लिखित शिकायत सौंप दी गई है। गांडेय थाना पुलिस मामले का आवेदन प्राप्त कर जांच में जुट गई है। वहीं घायल तीनों व्यक्तियों का इलाज फिलहाल सदर अस्पताल गिरिडीह में जारी है।