बिहार में कोचिंग से घर लौट रही एक नाबालिग छात्रा के साथ लिफ्ट देने के बहाने दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है. आरोपी ने पहले छात्रा को सुरक्षित घर पहुंचाने का भरोसा दिलाया और फिर अपनी स्कॉर्पियो में बैठाकर उसे सुनसान रास्ते पर ले गया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी छात्रा को सड़क किनारे अचेत अवस्था में छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार की है. छात्रा कोचिंग से घर लौट रही थी. इसी दौरान आरोपी ने उसे घर तक छोड़ने की बात कही. गाड़ी में बैठने से पहले छात्रा ने आरोपी के मोबाइल से अपने परिजनों को फोन भी किया, लेकिन किसी ने फोन रिसीव नहीं किया. इसके बाद वह स्कॉर्पियो में बैठ गई. आरोप है कि गाड़ी में बैठने के बाद आरोपी उसे सुनसान रास्ते पर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया. बाद में पचना गांव के पास झारखंड मंदिर मोड़ के समीप सड़क किनारे उसे अचेत अवस्था में छोड़कर फरार हो गया. किसी तरह घर पहुंचने के बाद छात्रा ने परिजनों को पूरी घटना बताई. इसके बाद महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की. आरोपी द्वारा परिजनों को किए गए फोन नंबर की जांच और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस को लखीसराय जिले के जमुई मोड़ का सुराग मिला. इसके बाद पुलिस टीम ने देर रात मुन्ना सिंह के मकान में छापेमारी कर अमृत कुमार उर्फ अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी की स्कॉर्पियो और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं. आरोपी लखीसराय का रहने वाला है और पूर्व में जिला परिवहन कार्यालय में दलाली का काम करता था. पुलिस ने मामले में 15 दिनों के भीतर न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल करने का लक्ष्य रखा है.