सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया स्टारर थ्रिलर फिल्म ‘द वन’ ने रिलीज के पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है। छठी मईया की आस्था और बिहार की मिट्टी से जुड़ी कहानी दर्शकों को खूब पसंद आ रही है। फिल्म ने ओपनिंग डे पर 8 करोड़ रुपये की नेट कमाई दर्ज की है।
6,746 शोज से 8 करोड़ का कलेक्शन
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘द वन’ ने पहले दिन देशभर में 6,746 शोज से करीब 8 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। वहीं फिल्म का भारत में ग्रॉस कलेक्शन करीब 9.60 करोड़ रुपये बताया गया है। पहले दिन की कमाई के साथ फिल्म ने सनी देओल और प्रीति जिंटा की ‘बंटवारा 1947’ के 5.75 करोड़ रुपये के ओपनिंग रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। सैफ अली खान की ‘हैवान’ भी पहले दिन की कमाई के मामले में पीछे रह गई।
बिहार की पृष्ठभूमि में बुनी गई है कहानी
फिल्म की कहानी एक ऐसे शहरी युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने पुश्तैनी गांव लौटता है। गांव के पास मौजूद देवांचल जंगल में जाना सख्त मना है, लेकिन वह इस रहस्यमयी जंगल में पहुंच जाता है। इसके बाद एक दिव्य शक्ति के जागने से कहानी रहस्य, डर और अलौकिक घटनाओं से भर जाती है।
अपनों को बचाने के लिए लड़ता है नायक
जंगल में कदम रखने के बाद नायक के सामने कई रहस्यमयी घटनाएं आती हैं। धीरे-धीरे उसे अपने गांव और लोगों पर मंडरा रहे खतरे का एहसास होता है। इसके बाद वह विनाश से अपने लोगों को बचाने के लिए एक बड़ी जंग में उतर जाता है।
कई प्रोडक्शन हाउस ने मिलकर किया निर्माण
‘द वन’ का निर्माण बालाजी मोशन पिक्चर्स, टीवीएफ और 11.11 प्रोडक्शन के सहयोग से किया गया है। फिल्म को शोभा कपूर, एकता आर कपूर, अरुणाभ कुमार और नीरज कोठारी ने प्रोड्यूस किया है।