संवाददाता - बबलु मुश्ताक

रांची/टाटीसिलवे :  ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और ग्रामीण हुनर को बाजार से जोड़ने के उद्देश्य से उषा मार्टिन फाउंडेशन की ओर से 9 अक्टूबर 2026 को डब्ल्यूडब्ल्यूआर लाइब्रेरी में ‘श्री अन्न एवं मिलेट उत्पाद प्रदर्शनी-सह-बिक्री’ का आयोजन किया गया।प्रदर्शनी में श्री अन्न यानी मोटे अनाज से तैयार विभिन्न खाद्य उत्पादों के स्टॉल लगाए गए। इसके माध्यम से ग्रामीण महिलाओं के कौशल, पारंपरिक खाद्य पदार्थों और स्वरोजगार की संभावनाओं को प्रदर्शित किया गया।प्रदर्शनी में रागी से बनी इडली और लड्डू, ज्वार एवं बाजरे से बने नमकीन, पारंपरिक ठेकुआ और समोसे सहित विभिन्न खाद्य उत्पादों के स्टॉल लगाए गए। इन उत्पादों के माध्यम से लोगों को मिलेट आधारित खाद्य पदार्थों से परिचित कराने के साथ-साथ इनके व्यावसायिक उपयोग और बिक्री की संभावनाओं को भी सामने लाया गया। इस आयोजन से पहले उषा मार्टिन फाउंडेशन की ओर से अनगड़ा में महिला समूह की 20 महिलाओं को श्री अन्न से विभिन्न खाद्य उत्पाद तैयार करने का आठ दिवसीय व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया था।प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं को मिलेट आधारित उत्पाद बनाने का कौशल प्रदान करना और उन्हें स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना था।प्रशिक्षण के बाद आयोजित इस प्रदर्शनी-सह-बिक्री के माध्यम से महिलाओं को अपने हुनर का प्रदर्शन करने और उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने के लिए मंच उपलब्ध कराया गया।इस अवसर पर उषा मार्टिन फाउंडेशन के सीएसआर प्रमुख डॉ. मयंक मुरारी ने कहा कि श्री अन्न केवल पौष्टिक आहार का स्रोत ही नहीं, बल्कि ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी है।महिलाओं को प्रशिक्षण देकर उनके कौशल को विकसित करना और उनके उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने के अवसर उपलब्ध कराना आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाओं में उद्यमिता और स्वरोजगार की अपार संभावनाएं हैं।उचित प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और बाजार से जुड़ाव के माध्यम से महिलाएं अपने कौशल को आय के साधन में बदल सकती हैं। उषा मार्टिन फाउंडेशन ग्रामीण क्षेत्रों में महिला सशक्तीकरण, कौशल विकास और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उषा मार्टिन फाउंडेशन की यह पहल प्रशिक्षण से लेकर उत्पाद निर्माण और बिक्री तक ग्रामीण महिलाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करने की दिशा में एक सार्थक कदम है। इससे श्री अन्न के प्रति जागरूकता बढ़ाने, पारंपरिक खाद्य उत्पादों को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार की नई संभावनाएं विकसित करने में मदद मिलेगी।