दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा
दुर्गापूजा को लेकर शनिवार को जामताड़ा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जामताड़ा अंचल अधिकारी सह बीडीओ अबिश्वर मुर्मू ने की, जबकि संचालन डॉ. दुर्गादास भंडारी ने किया। बैठक में जामताड़ा नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खण्डैत, थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, सभी पूजा समितियों के अध्यक्ष एवं सदस्य तथा नगर पंचायत के वार्ड पार्षद शामिल हुए। बैठक में दुर्गापूजा के दौरान शहर में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने, पूजा पंडालों के आसपास साफ-सफाई, बिजली व्यवस्था, पेयजल, यातायात नियंत्रण तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पूजा समितियों के सदस्यों ने भी आयोजन से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं से अधिकारियों को अवगत कराया। वही अंचल अधिकारी सह बीडीओ अबिश्वर मुर्मू ने कहा कि दुर्गापूजा आपसी भाईचारे और सौहार्द का पर्व है। सभी पूजा समितियां प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से पूजा का आयोजन करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके। नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खण्डैत ने पूजा पंडालों एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई कराने की बात कही। उन्होंने पूजा समितियों से कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में नगर पंचायत का सहयोग करने की अपील की। थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। पूजा पंडालों एवं प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ आवश्यक निगरानी की जाएगी। उन्होंने समिति के सदस्यों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। बैठक में पूजा समितियों को प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा शांतिपूर्ण वातावरण में पूजा संपन्न कराने का संकल्प लिया गया। मौके पर मोहनलाल बर्मन, तरुण कुमार गुप्ता, चैंबर ऑफ़ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, अरूप मित्रा, चंचल भंडारी, प्रताप सिंह, इरशादुल हक आरसी, प्रभु मंडल, विजय दुबे, विजय भगत, अनूप पांडे, संतान मिश्रा, सुभाष सिंह, अरबिंद साव, सजल दत्ता, अशोक साव, राकेश दास, विजय राउत, उत्तम रवानी, चंचल राय, विधान चंद्र सरखेल, राकेश पाल सहित सभी पूजा समिति एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।