दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा
जामताड़ा शहर के दुमका रोड स्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के जिला कार्यालय में सोमवार को राज्य के कैबिनेट मंत्री एवं पार्टी नेता दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर शोकसभा आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता झामुमो जिलाध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू ने की। शोकसभा में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिवंगत मंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू ने कहा कि पार्टी के नेता और कैबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का असमय निधन झामुमो परिवार के लिए बेहद दुखद और अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि उनके निधन से पार्टी ने अपने एक महत्वपूर्ण और समर्पित सदस्य को खो दिया है। संगठन और समाज के प्रति उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उनकी कमी को पूरा करना आसान नहीं होगा। वही सांसद प्रतिनिधि अशोक मंडल ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू ने पार्टी संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ जनहित के मुद्दों को लेकर सक्रिय भूमिका निभाई। उनके निधन से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में गहरा शोक है। वहीं प्रोफेसर कैलाश साव ने कहा कि दिवंगत मंत्री का सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में योगदान लंबे समय तक स्मरण किया जाएगा।शोकसभा के दौरान उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। मौके पर रविंद्र नाथ दुबे, प्रदीप मंडल, इम्तियाज अंसारी, सगीर खान समेत झामुमो के कई नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। सभी ने इस दुख की घड़ी में दिवंगत मंत्री के परिजनों के साथ खड़े रहने की बात कही। मौके पर झामुमो नेत्री चमेली देवी, मेरी मरांडी, डॉली बास्की,बासुदेव मरांडी, किशोर रवानी ,सुरेश रणदीप गुप्ता, तनवीर आलम, हनुमान दास, विजय राउत,बाबू रवानी,कमल टुडू, पंचू दास,रहीम अंसारी, सुधांशु शेखर,सलिल रमन सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।