9 महीने बाद वापस धरती लौटी सुनिता विलियम्स... प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वापसी पर दी बधाई
सुनिता विलियम्स भारतीय मूल की अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री 19 मार्च को सुबह 3:27 बजे फ्लोरिडा के तट पर स्पेसएक्स के ड्रैगन कैप्सूल से सुरक्षित रूप से धरती पर लौट आईं। उनका यह मिशन तकनीकी समस्याओं के कारण अपेक्षित समय से काफी लंबा हो गया था। उन्हें और उनके साथी बुच विलमोर को एक सप्ताह के लिए अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर भेजा गया था लेकिन विभिन्न तकनीकी दिक्कतों के चलते उन्हें लगभग नौ महीने तक वहां रहना पड़ा।
सुनीता और उनके साथी ने 18 मार्च को ISS से प्रस्थान किया। उनके कैप्सूल ने पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश करते समय अत्यधिक तापमान का सामना किया जो 1650 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इस दौरान लगभग सात मिनट तक संचार संपर्क टूट गया था। अंततः कैप्सूल ने समुद्र में सफलतापूर्वक लैंडिंग की जहां उन्हें नासा और स्पेसएक्स की टीम द्वारा रिसीव किया गया।
उनकी वापसी पर परिवार में खुशी का माहौल था। सुनीता की चचेरी बहन फाल्गुनी पंड्या ने कहा कि वे अब परिवार के साथ छुट्टियां मनाने की योजना बना रहे हैं। हालांकि लंबे समय तक अंतरिक्ष में रहने के कारण सुनीता और उनके साथी को कई स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है जैसे मांसपेशियों की कमजोरी हड्डियों का कमजोर होना और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियाँ।
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सुनीता विलियम्स को उनकी वापसी पर बधाई दी और कहा कि वह भारत में उन्हें देखने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने लिखा कि “आप भले ही हजारों मील दूर हों लेकिन आप हमारे दिलों के करीब हैं”।

Raftaar Media | सच के साथ