संवाददाता राजन साहू

कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र के दहेली उजागर गांव में बुधवार दोपहर जमीन के विवाद को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। एक पक्ष ने चार लोगों को गोली मारने के साथ कई राउंड हवाई फायरिंग कर दी। घटना में गांव निवासी महेश राजपूत, अखिलेश और शिवा एक अन्य घायल हो गए। गोलीबारी से गांव में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चारों घायलों को बिधनू सीएचसी पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत में उन्हें कानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत सर्किल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की।

जमीन विवाद में चलीं गोलियां, चार घायल

जानकारी के मुताबिक, दहेली उजागर गांव में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। बुधवार दोपहर विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान चार लोगों को गोली लग गई। वहीं, आरोपियों ने कई राउंड हवाई फायरिंग भी की, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।

घायलों ने बताए आरोपियों के नाम

गोली लगने से घायल हुए लोगों ने आरोपियों की पहचान मुन्ना सिंह, सागर पाल और भोंपू के रूप में की है। घटना की सूचना पर पहुंची बिधनू पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, एसीपी कृष्णकांत ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।