दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा
जामताड़ा में स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने को लेकर जिला परिवहन विभाग ने बुधवार को विशेष जांच अभियान चलाया। जहां जामताड़ा के एक स्कूल परिसर में मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) और रोड सेफ्टी टीम की संयुक्त टीम ने स्कूल बसों एवं वैन की सघन जांच की। अभियान के दौरान वाहन संचालकों के बीच भी हड़कंप की स्थिति रही। जांच टीम ने स्कूल परिसर में बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों के एक-एक दस्तावेज की पड़ताल की। इस दौरान वाहनों के वैध इंश्योरेंस, प्रदूषण प्रमाणपत्र, फिटनेस प्रमाणपत्र समेत अन्य आवश्यक कागजातों की जांच की गई। इसके साथ ही वाहनों की तकनीकी स्थिति भी परखी गई। विशेष रूप से ब्रेक, लाइट और अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरणों का बारीकी से निरीक्षण किया गया।अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन और वाहन चालकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बच्चों की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। वाहन चालकों को नियमित रूप से वाहनों की तकनीकी जांच कराने, सभी कागजात अद्यतन रखने तथा निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की हिदायत दी गई। टीम ने चेतावनी दी कि जांच के दौरान किसी वाहन में तकनीकी खामी या दस्तावेजों में अनियमितता पाई जाती है तो वाहन मालिक के साथ संबंधित स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मौके पर एमवीआई बरकत अंसारी, रोड सेफ्टी टीम के माज आलम, सहायक सतीश कुमार सिंह एवं बिमलेश कुमार मौजूद थे।