मोतिहारी | ओमप्रकाश तिवारी
दुर्गा पूजा को लेकर अग्निशमन विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला अग्निशमन कार्यालय, मोतिहारी में जिले के विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के अध्यक्षों के साथ अग्नि सुरक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अग्निशमन पदाधिकारी मो. आरिफुज्जमा ने की।
बैठक में पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा के मानकों के पालन को लेकर पूजा समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने कहा कि त्योहार के दौरान भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर अग्नि दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में पूजा समितियों को सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि बड़े पूजा पंडालों के लिए फायर एनओसी लेना अनिवार्य है। बिना एनओसी के पंडाल का निर्माण नहीं किया जाए। एनओसी के लिए बिहार अग्निशमन सेवा के पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
पूजा समितियों को पंडाल में प्रवेश और निकास के लिए कम से कम दो अलग-अलग और चौड़े रास्ते रखने, बिजली के तारों को व्यवस्थित रखने तथा ओवरलोडिंग से बचने का निर्देश दिया गया। साथ ही पंडाल में ज्वलनशील सामग्री के उपयोग को न्यूनतम रखने तथा प्रत्येक पंडाल में दो से चार अग्निशमन यंत्र और बालू से भरी बाल्टियां रखने को कहा गया।
अग्निशमन विभाग ने आपात स्थिति में तत्काल नियंत्रण कक्ष के नंबर 101 पर सूचना देने की अपील की। बैठक में पूजा समितियों के अध्यक्षों ने विभाग द्वारा दिए गए सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया।