डेहरी ऑन सोन (रोहतास): भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह की भारतीय जनता पार्टी (BJP) में वापसी लगभग तय मानी जा रही है। बिहार प्रभारी विनोद तावड़े ने बयान दिया है कि “पवन सिंह BJP में थे और रहेंगे।”
दिल्ली में मंगलवार को पवन सिंह की मुलाकात राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा से हुई। यह मुलाकात BJP नेताओं विनोद तावड़े और ऋतुराज सिन्हा की मौजूदगी में हुई। माना जा रहा है कि यह बैठक 2024 लोकसभा चुनाव के दौरान उत्पन्न खटास को खत्म करने की दिशा में एक कदम है। मुलाकात के दौरान पवन सिंह ने कुशवाहा का पैर छूकर आशीर्वाद भी लिया।
आरा से उम्मीदवार बनने की चर्चा
राजनीतिक गलियारों में कयास लगाए जा रहे हैं कि पवन सिंह को NDA की ओर से आरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ाया जा सकता है। यदि ऐसा हुआ तो भोजपुर, बक्सर, रोहतास और कैमूर जिले की 22 विधानसभा सीटों पर BJP को लाभ मिल सकता है।
2024 लोकसभा चुनाव का असर
2024 के लोकसभा चुनाव में पवन सिंह ने काराकाट सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में ताल ठोकी थी। उस चुनाव में महागठबंधन के राजाराम सिंह ने जीत दर्ज की थी, जबकि NDA उम्मीदवार उपेंद्र कुशवाहा तीसरे स्थान पर रहे थे। पवन सिंह के निर्दलीय चुनाव लड़ने का नुकसान काराकाट के अलावा बक्सर और सासाराम जैसी सीटों पर भी BJP को उठाना पड़ा।
सक्रिय राजनीति में एंट्री
पवन सिंह हाल ही में आरा में पूर्व केंद्रीय मंत्री और BJP नेता आरके सिंह से भी मिले थे। आरके सिंह ने तब कहा था कि पवन सिंह को BJP में आना चाहिए। दिलचस्प है कि एक इंटरव्यू में पवन सिंह ने तेजस्वी यादव की भी तारीफ की थी और उन्हें “जमीनी नेता” बताया था।
परिवार और पर्सनल बयान
पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह भी राजनीति में सक्रिय हैं और उन्होंने 2025 विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। वहीं, हाल ही में पवन सिंह ने बिजनेस टायकून अशनीर ग्रोवर के रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ को छोड़ते हुए कहा था—“मेरी जनता ही मेरा भगवान है और चुनाव के समय मेरा फर्ज है कि मैं उनके बीच रहूं।” इस बयान के बाद से ही उनके राजनीति में पूरी तरह सक्रिय होने की अटकलें तेज हो गई थीं।