logo

Bihar Bandh Live: बिहार में महागठबंधन का ‘चक्का जाम’, रोकी गईं ट्रेनें , सड़कों पर जलाए गए टायर

पटना: बिहार में आज महागठबंधन द्वारा चुनाव आयोग के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान के खिलाफ आहूत राज्यव्यापी ‘चक्का जाम’ का व्यापक असर देखने को मिला। राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस, वाम दल, जन अधिकार पार्टी और अन्य घटक दलों ने मिलकर सड़क और रेल यातायात को बाधित किया, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ।

गांधी सेतु पर जाम, हाईवे पर आगजनी
चक्का जाम की शुरुआत हाजीपुर के गांधी सेतु पुल से हुई, जहां राजद समर्थकों ने पुल को पूरी तरह से बंद कर दिया। यह पुल पटना को उत्तर बिहार के दरभंगा, हाजीपुर और पूर्णिया जैसे जिलों से जोड़ता है। वहीं पटना के मनेर इलाके में NH-30 पर महागठबंधन कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर आवागमन रोक दिया और सरकार व चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

रेल सेवाएं भी प्रभावित
जहानाबाद के कोर्ट स्टेशन पर प्रदर्शनकारियों ने पटना-गया रेलमार्ग पर ट्रेनों को रोक दिया। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

राहुल गांधी का बिहार दौरा
कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज पटना पहुंच रहे हैं। वे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के साथ इनकम टैक्स गोलंबर से निर्वाचन आयोग कार्यालय तक मार्च करेंगे। संभावना है कि वे गोपाल खेमका हत्याकांड में शोक संतप्त परिवार से भी मुलाकात कर सकते हैं।

सरकारी प्रतिक्रिया
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने महागठबंधन के बंद को “दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण” बताया। उन्होंने कहा कि “चुनाव आयोग अगर मतदाता जागरूकता अभियान चला रहा है, तो इसमें गलत क्या है? यह अभियान न किसी जाति के लिए है, न किसी पार्टी के लिए।”

 

 

 

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS