logo

Bihar Election 2025: पीएम मोदी का पटना रोड शो आज, शहर में 5 घंटे ट्रैफिक बंद — 5000 जवान तैनात

पटना |  बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को पटना में मेगा रोड शो करने जा रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, रोड शो के दौरान पटना की मुख्य सड़कों पर पांच घंटे तक आम लोगों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा।

यह रोड शो शाम 5 बजे दिनकर गोलंबर से शुरू होकर नाला रोड, बारी पथ, ठाकुरबाड़ी रोड, बाकरगंज होते हुए गांधी मैदान स्थित उद्योग भवन तक जाएगा। प्रशासन ने दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक पूरे मार्ग को आम यातायात के लिए बंद करने का आदेश जारी किया है।

आम जनता के लिए सड़कें रहेंगी बंद

पटना जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि जिनका काम दिनकर गोलंबर, बारी पथ, बाकरगंज, नाला रोड या गांधी मैदान के आसपास है, वे इसे दोपहर 12 बजे तक निपटा लें।
इस दौरान केवल एंबुलेंस, अग्निशमन, शव वाहन, मरीजों, न्यायिक और चुनावी कार्य से जुड़े वाहन ही मार्ग से गुजर सकेंगे। अन्य सभी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।

कारकेड रिहर्सल से ही शहर जाम

शनिवार को रोड शो की कारकेड रिहर्सल के दौरान ही पटना में भारी जाम लग गया था। नेहरू पथ, लिंक रोड और बाकरगंज क्षेत्रों में कई घंटे तक ट्रैफिक बाधित रहा।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि रविवार को रोड शो के समय वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और अनावश्यक रूप से सड़कों पर न निकलें।

 सुरक्षा के अभेद घेरे में पटना

प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर पटना को सुरक्षा के अभेद घेरे में तब्दील कर दिया गया है।

लगभग 5000 पुलिस पदाधिकारी और जवान तैनात किए गए हैं।

एसपीजी, अर्द्धसैनिक बल और स्थानीय पुलिस सभी मोर्चों पर सक्रिय हैं।

आईजी जीतेंद्र राणा, एसएसपी कार्तिकेय शर्मा और सिटी एसपी मध्य दीक्षा ने संयुक्त बैठक कर सुरक्षा प्रबंधन की समीक्षा की।

इसके अलावा, दिनकर गोलंबर, बारी पथ, बाकरगंज और गांधी मैदान के आसपास की इमारतों की छतों पर भी पुलिस बल तैनात किया गया है।

 सीसीटीवी से निगरानी और चेकिंग प्वाइंट्स

पूरा रोड शो मार्ग सीसीटीवी कैमरों से लैस है। कंट्रोल रूम से हर गतिविधि की निगरानी होगी।
हर चेकिंग प्वाइंट पर यात्रियों और वाहनों की कड़ी जांच की जा रही है। महिला पुलिसकर्मियों को भी भीड़ नियंत्रण में लगाया गया है।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS