बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग से पहले एनडीए ने चुनावी रण में पूरी ताकत झोंक दी है। मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पूर्वी चंपारण के मोतिहारी पहुंचे, जहां उन्होंने विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बिहार न केवल विकास का केंद्र बनेगा बल्कि देश की रक्षा उद्योग में भी अहम भूमिका निभाएगा।

चकिया में आयोजित सभा में अमित शाह ने कहा, “अब भारत किसी की गोली का जवाब खामोशी से नहीं देगा। अगर पाकिस्तान से गोली चलेगी, तो उसका जवाब गोले से दिया जाएगा और वह गोला बिहार की धरती पर बनेगा।” शाह के इस बयान पर मौजूद हजारों लोगों ने तालियां बजाईं और “भारत माता की जय” के नारे लगाए।

शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज एक मजबूत राष्ट्र बन चुका है, जो आतंकवादियों को उनके घर में घुसकर जवाब देने की क्षमता रखता है। उन्होंने बताया कि बिहार का डिफेंस कॉरिडोर ‘आत्मनिर्भर भारत’ का एक अहम हिस्सा बनेगा, जिससे राज्य में रोजगार और औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

पूर्वी चंपारण के 12 विधानसभा क्षेत्रों—रक्सौल, सुगौली, नरकटिया, गोविंदगंज, केसरिया, कल्याणपुर, पिपरा, मधुबन, ढाका, चिरैया, मोतिहारी और हरसिद्धि—में शाह ने एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार किया। दोपहर में चकिया (पिपरा विधानसभा क्षेत्र) में उनकी रैली में करीब 30 हजार से अधिक लोगों की भीड़ उमड़ी।

अपने भाषण में उन्होंने कहा कि “बिहार में विकास और सुरक्षा दोनों का संगम है।” शाह ने दावा किया कि एनडीए की सरकार ने बिहार को भय, भ्रष्टाचार और जंगलराज से मुक्त कराया है। वहीं, उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि “जो लोग बिहार को जाति और परिवारवाद की राजनीति में उलझाना चाहते हैं, उन्हें जनता इस बार करारा जवाब देगी। एनडीए का मतलब है विकास और स्थिरता, जबकि विपक्ष का मतलब है अवसरवाद और अस्थिरता।”