अंबरनाथ (महाराष्ट्र): महाराष्ट्र के अंबरनाथ इलाके में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 12 वर्षीय बच्चे की एक व्यक्ति द्वारा लिफ्ट के अंदर बेरहमी से पिटाई की गई। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है और सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।

पीड़ित बच्चा त्यागी पांडे, पालेगांव स्थित पटेल जेनॉन हाउसिंग प्रोजेक्ट में अपने माता-पिता के साथ रहता है। 4 जुलाई की शाम करीब 5 बजे वह 14वीं मंजिल से ट्यूशन जाने के लिए लिफ्ट में सवार हुआ। जैसे ही लिफ्ट 9वीं मंजिल पर रुकी, त्यागी ने जब सामने किसी को न देख दरवाजा बंद करने का बटन दबाया, उसी समय वहां रहने वाला कैलाश थवानी लिफ्ट में दाखिल हुआ और अचानक त्यागी को थप्पड़ मार दिया।

घटना यहीं नहीं रुकी – आरोपी ने बच्चे के हाथ पर दांत से काटा और शारीरिक रूप से उसे बुरी तरह प्रताड़ित किया। लिफ्ट में मौजूद एक महिला हाउसकीपर ने तत्काल समझदारी दिखाते हुए लिफ्ट को ग्राउंड फ्लोर पर रोककर बच्चे को बाहर निकाला, लेकिन आरोपी लॉबी तक उसका पीछा करता रहा और वहीं पर फिर से उसे पीटा।

पीड़ित के माता-पिता जब शिकायत लेकर शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन पहुंचे तो पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और केवल गैर-जमानती धाराओं में केस दर्ज किया। चार दिन तक कोई ठोस कार्रवाई न होने पर परिवार और स्थानीय लोगों ने विरोध जताया। उसके बाद जाकर पुलिस ने मामला दर्ज किया और जांच शुरू की।

स्थानीय लोगों की मांग:
स्थानीय निवासियों और बच्चों के अभिभावकों में भारी आक्रोश है। सभी ने आरोपी के खिलाफ POCSO एक्ट, आईपीसी की धारा 323 (चोट पहुंचाना) और दांत से काटने जैसे अमानवीय कृत्य के लिए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर पुलिस समय पर कार्रवाई करती, तो आरोपी को कानून का भय होता।

 पीड़ित की मां का बयान:
"मेरे बेटे ने कुछ नहीं किया था। वो सिर्फ लिफ्ट का दरवाजा बंद कर रहा था। उस पर इतना क्रूर हमला क्यों किया गया? पुलिस ने पहले हमारी बात नहीं सुनी, अब भी हमें न्याय मिलने की उम्मीद कम लग रही है।"

पुलिस का जवाब:
शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने कहा, "हमने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिया है और आरोपी के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। जल्द ही उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"