लखनऊ, उत्तर प्रदेश: राजधानी लखनऊ के चिनहट इलाके में एक 20 वर्षीय युवती ने एक युवक पर प्रेमजाल में फंसाकर जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार, आरोपी युवक राशिद ने पहले दोस्ती की और फिर विश्वास जीतने के लिए हिंदू धर्म ग्रंथों का पाठ कर दिखाया, लेकिन बाद में इस्लाम कबूल कराने का दबाव बनाने लगा।

युवती ने बताया कि राशिद ने उसे झांसा दिया कि इस्लाम कबूल करने के बाद वे सऊदी अरब या बांग्लादेश जाकर नया जीवन शुरू करेंगे। जब युवती ने इंकार किया, तो आरोपी ने अश्लील मैसेज भेजने शुरू किए और उसकी तस्वीरों को एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। इतना ही नहीं, परिवार को जान से मारने की चेतावनी भी दी गई।

डर के चलते युवती लंबे समय तक चुप रही लेकिन मानसिक तनाव बढ़ने के कारण उसने हिम्मत जुटाकर अपनी बड़ी मां को सारी घटना बताई। इसके बाद परिजनों ने चिनहट थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

FIR में यह भी उल्लेख है कि आरोपी राशिद का संबंध सऊदी अरब और बांग्लादेश में रहने वाले लोगों से है और वह पैसों का लालच देकर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालता था। युवती के परिजनों को आशंका है कि आरोपी किसी अंतरराष्ट्रीय धर्मांतरण गिरोह से जुड़ा हो सकता है।

युवती ने यह भी आरोप लगाया कि राशिद कई बार रास्ते में रोककर उसका वीडियो बनाता था और एक बार उसके घर तक पहुंचकर फूलों का बुके फेंककर चला गया। बाद में परिजनों ने खुद उसे बुलाया, जहां आरोपी काली स्कॉर्पियो से तीन-चार लोगों के साथ आया और तेज़ाब फेंकने व हत्या की धमकी देकर फरार हो गया।

फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। युवती और उसके परिवार की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।