logo

Dularchand Murder Case: अनंत सिंह के भतीजे कर्मवीर और राजवीर सहित चार फरार, पुलिस की छापेमारी तेज

पटना | मोकामा विधानसभा क्षेत्र के भदौर थाना इलाके में बाहुबली नेता दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस की कार्रवाई तेज़ हो गई है।
इस मामले में मुख्य आरोपी अनंत सिंह के दो भतीजे — कर्मवीर यादव और राजवीर यादव — सहित चार आरोपी अब तक फरार हैं।

पटना पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि ये सभी आरोपी अंडरग्राउंड हो चुके हैं।

 फरार आरोपियों की संपत्ति होगी कुर्क

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यदि आरोपी जल्द आत्मसमर्पण नहीं करते हैं तो उनकी संपत्ति की कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद कोर्ट से आवश्यक अनुमति लेकर कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस पहले गिरफ्तारी वारंट जारी कराएगी और फिर कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

सूत्रों के मुताबिक, फरार आरोपी संभवतः बाहर से जमानत लेने की कोशिश में हैं।

 बेऊर जेल में अनंत सिंह की सुरक्षा बढ़ाई गई

मुख्य आरोपी और मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह फिलहाल पटना के बेऊर जेल में बंद हैं।
जेल प्रशासन ने उनकी सुरक्षा बढ़ा दी है
सूत्रों का कहना है कि अनंत सिंह को किसी से मिलने की अनुमति नहीं दी जा रही है और उन्हें हाई सिक्योरिटी डिविजन वार्ड में रखा गया है।
वार्ड के आसपास अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती भी कर दी गई है।

 पटना पुलिस की छापेमारी जारी

पटना पुलिस की टीमें अर्धसैनिक बलों के साथ मोकामा टाल, घोसवरी, भदौर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार छापेमारी कर रही हैं।
वीडियो फुटेज और सीसीटीवी रिकॉर्डिंग के आधार पर पुलिस को कई अन्य लोगों की भी पहचान हुई है, जिन पर हंगामा, उपद्रव, और गाड़ियों में तोड़फोड़ जैसे आरोप हैं।

पुलिस ने बताया कि जिन घरों पर छापेमारी की जा रही है, अधिकांश आरोपी पहले से फरार हैं।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, कई संदिग्ध राज्य से बाहर छिपे हो सकते हैं।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS