पटना: बिहार के चर्चित उद्योगपति गोपाल खेमका हत्याकांड में पटना पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्या के मास्टरमाइंड माने जा रहे कारोबारी अशोक साव को गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों के मुताबिक, अशोक साव पर पहले से शक था, लेकिन हाल ही में मिले पुख्ता सबूतों और मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर उसे हिरासत में लिया गया।

सुपारी देकर कराई थी हत्या
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि अशोक साव ने ही इस हत्या की साजिश रची थी। उसने कॉन्ट्रैक्ट किलर उमेश यादव को हत्या के लिए 10 लाख रुपये की सुपारी दी थी, जिसमें से ₹1 लाख की अग्रिम राशि भी दी गई थी। गौरतलब है कि उमेश यादव पहले ही पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है।

बरामद हुए हथियार और कैश
उमेश यादव के पास से पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक, पिस्टल, 80 कारतूस, दो मोबाइल फोन, और ₹1 लाख नकद बरामद किया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हत्या के बाद उमेश सीधे अशोक साव के फ्लैट पर रुका था, जिससे दोनों के बीच के रिश्ते और गहरे हो गए हैं।

हथियार सप्लायर विकास उर्फ राजा एनकाउंटर में ढेर
इस मामले में एक और बड़ी कार्रवाई तब हुई जब मंगलवार सुबह विकास उर्फ राजा नामक आरोपी को पुलिस ने एक मुठभेड़ में मार गिराया। राजा पर हत्या में इस्तेमाल हथियार उमेश यादव को उपलब्ध कराने का आरोप था।

6 लोग अब तक गिरफ्तार
पुलिस इस केस में अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और पुलिस शाम को होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में हत्याकांड की पूरी साजिश का खुलासा कर सकती है।

पहले भी हुई थी बेटे की हत्या
बता दें कि गोपाल खेमका की शुक्रवार सुबह उनके आवास के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह भी उल्लेखनीय है कि सात साल पहले खेमका के बेटे की भी हाजीपुर में हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड ने राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।