logo

Huntingdon Train Stabbing: लंदन जा रही ट्रेन में चाकूबाजी, 10 घायल — 9 की हालत गंभीर

लंदन : ब्रिटेन के कैम्ब्रिजशायर में एक चलती ट्रेन में चाकूबाजी की घटना से हड़कंप मच गया। यह हमला हंटिंगडन स्टेशन के पास उस समय हुआ जब ट्रेन डॉनकास्टर से लंदन किंग्स क्रॉस की ओर जा रही थी। घटना में कम से कम 10 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 9 की हालत गंभीर बताई जा रही है

 चाकूबाजी से मची अफरा-तफरी

ब्रिटिश ट्रांसपोर्ट पुलिस (BTP) के अनुसार, यह हमला शाम 6:25 बजे की ट्रेन में हुआ। हमले के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में भगदड़ की स्थिति बन गई।
पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर हालात काबू में किए और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। घटना के बाद कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

दो संदिग्ध गिरफ्तार

कैम्ब्रिजशायर पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
ब्रिटिश ट्रांसपोर्ट पुलिस ने इस घटना को “बड़ा हादसा” (Major Incident) घोषित किया है। साथ ही जांच में आतंकवाद विरोधी पुलिस (Counter-Terrorism Command) भी शामिल की गई है।

 पुलिस और सरकार की प्रतिक्रिया

चीफ सुपरिटेंडेंट क्रिस केसी ने इसे “चौंकाने वाली घटना” बताया। उन्होंने कहा,

“हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि वास्तव में ट्रेन में क्या हुआ। फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि हमले के पीछे की मंशा क्या थी।”

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीयर स्टार्मर ने घटना पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा —

“यह भयावह और गंभीर रूप से चिंताजनक है। मैं सभी प्रभावित लोगों के साथ हूं और आपातकालीन सेवाओं की त्वरित कार्रवाई की सराहना करता हूं। इलाके के लोगों से अपील है कि वे पुलिस की सलाह का पालन करें।”

 कहां हुई घटना

यह चाकूबाजी कैम्ब्रिजशायर के हंटिंगडन टाउन के पास हुई, जो कैम्ब्रिज शहर से कुछ मील की दूरी पर स्थित है। यह क्षेत्र आमतौर पर शांत माना जाता है और यहां इस तरह की घटनाएं दुर्लभ हैं।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS