logo

IPL 2025: रजत पाटीदार ने दिलाया RCB को पहला खिताब...लेकिन इन दिग्गजों का दिखना अब होगा मुश्किल!

रांची/डेस्क:  आईपीएल 2025 का रोमांचक सीजन अब समाप्त हो चुका है और इस बार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने इतिहास रच दिया। रजत पाटीदार की कप्तानी में RCB ने पहली बार खिताब अपने नाम कर लिया। वहीं पंजाब किंग्स एक बार फिर उपविजेता बनकर रह गई।

करीब दो महीने तक चले इस क्रिकेट महाकुंभ में दर्शकों का जबरदस्त मनोरंजन हुआ। देश-विदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। कुछ नए सितारे उभरे जिन्होंने अपने खेल से सबका ध्यान खींचा। वैभव सूर्यवंशी प्रियांश आर्य और आयुष म्हात्रे जैसे युवा खिलाड़ियों ने यह साबित कर दिया कि आने वाले समय में वे आईपीएल के बड़े नाम बन सकते हैं।

हालांकि इस सीजन ने कुछ ऐसे चेहरे भी सामने लाए जिनका अगली बार मैदान पर दिखना अब मुश्किल लग रहा है। उम्र फिटनेस और फॉर्म के चलते कई दिग्गज खिलाड़ियों का आईपीएल करियर अब अंतिम चरण में है। आइए जानते हैं उन सितारों के बारे में जो IPL 2026 में शायद नजर न आएं:

एमएस धोनी (चेन्नई सुपर किंग्स)
चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान एमएस धोनी को लेकर हर सीजन के बाद यही सवाल उठता है—क्या यह उनका आखिरी सीजन था? इस बार भी आईपीएल के अंत में धोनी ने कहा कि वे सोचेंगे कि आगे खेलना है या नहीं। उनके रिटायरमेंट की संभावना काफी ज्यादा मानी जा रही है। धोनी का यह आखिरी आईपीएल हो सकता है।

आर अश्विन (चेन्नई सुपर किंग्स)
टीम इंडिया से पहले ही संन्यास ले चुके स्पिनर आर अश्विन को चेन्नई सुपर किंग्स ने 9.75 करोड़ रुपये में खरीदा था लेकिन उनका प्रदर्शन इस निवेश के अनुरूप नहीं रहा। सितंबर में वे 39 साल के हो जाएंगे ऐसे में माना जा रहा है कि वे अगले सीजन से पहले आईपीएल को अलविदा कह सकते हैं।

मोईन अली (कोलकाता नाइट राइडर्स)
इंग्लैंड के ऑलराउंडर मोईन अली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। इस बार कोलकाता ने उन्हें बेस प्राइस पर खरीदा लेकिन उन्होंने सिर्फ 2 पारियां खेलीं जिनमें महज 5 रन बनाए। गेंदबाजी में भी वे खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए। केकेआर उन्हें रिलीज कर सकती है और दूसरी टीमें उन्हें खरीदेंगी इसकी संभावना कम है।

ग्लेन मैक्सवेल (पंजाब किंग्स)
ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने वनडे से संन्यास लिया है और इस सीजन में वे चोट और खराब फॉर्म से जूझते रहे। पंजाब किंग्स के लिए उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा और वे बीच टूर्नामेंट से बाहर हो गए। अगर पंजाब उन्हें रिलीज करती है तो अन्य टीमें उन्हें खरीदने से बच सकती हैं।

फाफ डुप्लेसिस (दिल्ली कैपिटल्स)
40 साल के फाफ डुप्लेसिस ने इस बार दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी की। 9 पारियों में उन्होंने केवल 202 रन बनाए। उनकी उम्र और फॉर्म को देखते हुए ये मुमकिन है कि वे खुद ही आईपीएल से संन्यास की घोषणा कर दें।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS