Jharkhand: झारखंड के मंत्री डॉ. Irfan Ansari को मिली जान से मारने की धमकी पुलिस जांच में जुटी
रांची: झारखंड (Jharkhand) सरकार के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी (Irfan Ansari) को गुरुवार की रात एक अज्ञात व्यक्ति ने जान से मारने की धमकी दी। मंत्री को एक अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल आया जिसमें फोन करने वाले ने न सिर्फ अपशब्द कहे बल्कि उन्हें 24 घंटे के भीतर जान से मारने की धमकी भी दी।फोन करने वाले ने मंत्री को गाली-गलौज करते हुए धमकी दी कि वे चाहे जहां भी हों उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा। फोन नंबर की प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि यह नंबर नबाब अंसारी नामक व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड है। मंत्री ने इस पूरी घटना की जानकारी राज्य के वरीय पुलिस अधिकारियों को दे दी है।
डॉ. अंसारी ने मीडिया से बातचीत में कहा
“मुझे फोन पर गंदी गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकी दी गई। मैंने इसकी जानकारी पुलिस को दे दी है। मुझे पूरा विश्वास है कि प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा।”
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल को अलर्ट कर दिया गया है और आरोपी की पहचान व लोकेशन ट्रैकिंग की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर सकती है।
इस घटना ने एक बार फिर राज्य में जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। विपक्षी दलों ने भी इस मामले पर सरकार से जवाब मांगा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि वे मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं और जल्द ही पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी।
Raftaar Media | सच के साथ