logo

Ranchi के इस 5 सितारा होटल में अवैध जुए का भंडाफोड़, आधा दर्जन जुआरी गिरफ्तार

रांची: झारखंड (Jharkhand) की राजधानी रांची (Ranchi) के प्रतिष्ठित होटल रेडिसन ब्लू (Radisson Blu) में अवैध जुआ (illegal gambling) खेलने की गुप्त सूचना पर पुलिस ने मंगलवार देर रात बड़ी कार्रवाई की। सिटी डीएसपी राजीव रंजन के नेतृत्व में चुटिया, सुखदेव नगर, लालपुर और कोतवाली थानों की टीमों ने संयुक्त छापेमारी कर होटल के निजी सुइट  से आधा दर्जन से अधिक जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। मौके से भारी मात्रा में नकदी, ताश की गड्डियां, जुए के चिप्स और अन्य सामग्री बरामद की गई।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह अवैध गतिविधि लंबे समय से चल रही थी और कई दिनों की निगरानी के बाद योजनाबद्ध तरीके से ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। कार्रवाई इतनी तेज और गोपनीय थी कि किसी को भागने का मौका तक नहीं मिला। घटना के बाद होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मेहमान व कर्मचारी हैरान रह गए।

प्रारंभिक जांच में शहर के कुछ प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता की आशंका जताई गई है। पुलिस यह भी पड़ताल कर रही है कि क्या होटल प्रबंधन को इसकी जानकारी थी या इसमें उनकी कोई भूमिका थी। सिटी डीएसपी ने बताया कि बरामद नकदी और सामग्री का आकलन किया जा रहा है, जबकि आरोपियों पर जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा ने कहा कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और जरूरत पड़ने पर और गिरफ्तारियां की जाएंगी। पुलिस ने शहर के अन्य होटलों और संदिग्ध स्थलों पर भी निगरानी बढ़ा दी है। होटल प्रबंधन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS