रांची/डेस्क: फ्रांस ने सार्वजनिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए धूम्रपान पर एक बड़ा कदम उठाया है। देश की स्वास्थ्य और परिवार मंत्री कैथरीन वौट्रिन ने घोषणा की है कि 1 जुलाई 2025 से समुद्री किनारों पार्कों स्कूलों के आस-पास और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान पर प्रतिबंध लागू होगा।

यह कदम खासकर बच्चों की सुरक्षा और साफ हवा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। वौट्रिन ने कहा जहां बच्चे होते हैं उन जगहों से तंबाकू को बिल्कुल गायब कर देना चाहिए। जब बच्चों के साफ हवा में सांस लेने की बात आती है तो धूम्रपान की आज़ादी खत्म हो जानी चाहिए।

प्रतिबंध किन स्थानों पर लागू होगा:


समुद्र तट (बीच)

सार्वजनिक पार्क और बाग

स्कूलों के बाहरी क्षेत्र

बस स्टॉप

खेल स्टेडियम और स्पोर्ट्स वेन्यू

हालांकि कैफे और बार के बाहरी हिस्सों में धूम्रपान की अनुमति बनी रहेगी।

उल्लंघन पर जुर्माना:
यदि कोई व्यक्ति इस नए प्रतिबंध का उल्लंघन करता है तो उसे 153 डॉलर (लगभग ₹13000) का जुर्माना भरना होगा।

इलेक्ट्रिक सिगरेट को मिली राहत लेकिन निगरानी जारी
यह प्रतिबंध इलेक्ट्रिक सिगरेट पर लागू नहीं होगा लेकिन मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार ई-सिगरेट में निकोटिन की मात्रा कम करने पर विचार कर रही है।

धूम्रपान के आँकड़े और जन समर्थन:
फ्रांस की कुल आबादी का 23.1% हिस्सा रोजाना धूम्रपान करता है जो अब तक का सबसे कम प्रतिशत है।

2014 से धूम्रपान दर में 5 प्रतिशत अंक की गिरावट आई है।

फ्रांस में हर साल तंबाकू से जुड़ी बीमारियों के कारण 75000 से अधिक मौतें होती हैं।

फ्रांस के कैंसर संघ La Ligue Contre le Cancer के अनुसार लगभग 80% फ्रांसीसी नागरिक सार्वजनिक जगहों पर धूम्रपान पर प्रतिबंध के पक्ष में हैं।