Trump vs YouTube: ट्रंप को 217 करोड़ चुकाएगा YouTube, अकाउंट बैन केस का निपटारा
वॉशिंगटन/कैलिफोर्निया: गूगल की पैरेंट कंपनी Alphabet के अंतर्गत आने वाली वीडियो स्ट्रीमिंग दिग्गज YouTube ने पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ लंबे समय से चल रहे मुकदमे का निपटारा कर लिया है। समझौते के तहत YouTube ट्रंप को 24.5 मिलियन डॉलर (करीब 217 करोड़ रुपये) चुकाएगा। यह मामला 6 जनवरी 2021 को हुए कैपिटल हमले के बाद ट्रंप का अकाउंट सस्पेंड करने से जुड़ा था।
मामला कैसे शुरू हुआ?
2020 के राष्ट्रपति चुनाव हारने के बाद 6 जनवरी 2021 को ट्रंप समर्थकों ने अमेरिकी संसद भवन पर धावा बोला था, जिसमें 140 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए थे। इसके बाद 12 जनवरी 2021 को YouTube ने ट्रंप का अकाउंट ब्लॉक कर दिया। कंपनी ने तर्क दिया था कि यह फैसला हिंसा भड़कने की आशंका को देखते हुए लिया गया। उसी समय फेसबुक और ट्विटर ने भी ट्रंप के अकाउंट सस्पेंड कर दिए थे।
ट्रंप ने YouTube और उसकी पैरेंट कंपनी गूगल के CEO सुंदर पिचाई पर मुकदमा किया था और आरोप लगाया कि उनका अकाउंट गलत तरीके से और बिना स्पष्ट नियम बताए बंद किया गया।
पैसों का उपयोग कहाँ होगा?
समझौते के तहत मिलने वाले 24.5 मिलियन डॉलर में से:
22 मिलियन डॉलर ट्रंप के “ट्रस्ट फॉर द नेशनल मॉल” नामक नॉन-प्रॉफिट संगठन को जाएंगे। यह संस्था व्हाइट हाउस परिसर में करीब 200 मिलियन डॉलर की लागत से बन रहे 90,000 वर्ग फुट के ग्रैंड बॉलरूम प्रोजेक्ट में सहयोग कर रही है।
शेष 2.5 मिलियन डॉलर कुछ कंजर्वेटिव संगठनों को दिए जाएंगे, जिनमें अमेरिकन कंजर्वेटिव यूनियन भी शामिल है।
अन्य कंपनियों ने भी किए समझौते
YouTube अकेली टेक कंपनी नहीं है जिसे ट्रंप के साथ समझौता करना पड़ा।
Elon Musk की X (पूर्व ट्विटर) ने इसी मामले में ट्रंप को 10 मिलियन डॉलर चुकाए थे।
Meta (Facebook की पैरेंट कंपनी) ने 25 मिलियन डॉलर का भुगतान किया, जिसे ट्रंप की प्रेसिडेंशियल लाइब्रेरी पर खर्च किया जाएगा।
Paramount Global ने एक इंटरव्यू विवाद सुलझाने के लिए 16 मिलियन डॉलर का भुगतान किया था।
Raftaar Media | सच के साथ