दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा 
जामताड़ा जिले के मेंझिया मंडल अंतर्गत तारणी गांव में भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक मासिक बैठक मंडल अध्यक्ष सुब्रोजित मंडल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मंडल प्रभारी सुजाता सिंह भैया मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने तथा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कार्यकर्ताओं से संगठन की गतिविधियों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया गया। साथ ही प्रत्येक बूथ पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने, नियमित जनसंपर्क अभियान चलाने तथा पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को आम जनता तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में आगामी दिनों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारी और जिम्मेदारियों का भी वितरण किया गया। वही मंडल प्रभारी सुजाता सिंह भैया ने कहा कि भाजपा का सबसे बड़ा आधार उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा संगठन की वास्तविक शक्ति बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं में निहित है। यदि प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी जिम्मेदारी और सक्रियता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेगा तो संगठन और अधिक मजबूत होगा। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को गंभीरता से लेते हुए सभी कार्यकर्ता लोगों को जागरूक करें तथा निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं में सहयोग करें। आगामी कार्यक्रमों को भी पूरी ऊर्जा और अनुशासन के साथ सफल बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। बैठक का समापन संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। इस दौरान मंडल के पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।