दिनेश कुमार रजक/मिहिजाम:उत्क्रमित मध्य विद्यालय, आसानचुवा के जर्जर भवन को लेकर ग्रामीणों और अभिभावकों का सब्र आखिरकार टूट गया। शिक्षा के इस मंदिर की बदहाल तस्वीर बदलने के लिए सैकड़ों ग्रामीण झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के जिलाध्यक्ष मनतोष कुमार महतो के नेतृत्व में सोमवार को उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और नए भवन निर्माण की मांग को लेकर आवेदन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को बताया कि विद्यालय का खपरैलनुमा भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है। कमजोर दीवारें और टूटी छत कभी भी गिर सकती हैं। बरसात में कक्षाओं में पानी भर जाने से पढ़ाई ठप हो जाती है। बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा पर हर वक्त खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा जिलाध्यक्ष मनतोष कुमार महतो ने कहा कि बच्चों का भविष्य और उनकी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं हो सकता। उन्होंने प्रशासन से लंबित फाइलों की स्थिति स्पष्ट करने और निर्माण प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की। उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लंबित प्रक्रिया की समीक्षा कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि प्रशासन की पहल से जल्द नया भवन बनेगा और बच्चों को सुरक्षित माहौल में पढ़ने का मौका मिलेगा।