दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा।


अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जामताड़ा महाविद्यालय इकाई ने सोमवार को महाविद्यालय में व्याप्त मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर प्राचार्य प्रो. कौशल को ज्ञापन सौंपा।कॉलेज अध्यक्ष ललन यादव के नेतृत्व में परिषद के प्रतिनिधियों ने महाविद्यालय परिसर तथा चाकड़ी स्थित बहुउद्देशीय परीक्षा केंद्र में विद्यार्थियों को हो रही समस्याओं से अवगत कराते हुए शीघ्र समाधान की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि महाविद्यालय परिसर में शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं है। भीषण गर्मी के बीच छात्र-छात्राओं को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। इसके अलावा कई कक्षाओं में लगे पंखे और लाइटें लंबे समय से खराब हैं, जिससे पढ़ाई और परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने यह भी बताया कि परिसर में लगे कई सीसीटीवी कैमरे लंबे समय से बंद पड़े हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। परिषद ने कॉलेज परिसर एवं चाकड़ी स्थित बहुउद्देशीय परीक्षा केंद्र के शौचालयों की बदहाल स्थिति पर भी चिंता जताते हुए उनकी तत्काल सफाई एवं मरम्मत कराने की मांग की।कॉलेज अध्यक्ष ललन यादव ने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की जिम्मेदारी है कि वह विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुचारु पंखे, कार्यशील सीसीटीवी कैमरे और स्वच्छ शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराए। उन्होंने प्राचार्य से इन सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने का आग्रह किया। परिषद के प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि महाविद्यालय प्रशासन छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई करेगा। साथ ही चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय के भीतर मांगों पर अमल नहीं हुआ तो एबीवीपी छात्र हित में लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी। मौके पर जिला संयोजक संजय मंडल, नगर मंत्री प्रकाश यादव, कॉलेज सह मंत्री अंकित कुमार, सुभाष मंडल, बिट्टू मोदी, समीर शर्मा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।