दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस कार्यालय में ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम् गीत को रोकने का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा ने रविवार को जामताड़ा में कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। भाजयुमो जिलाध्यक्ष कुणाल सिंह के नेतृत्व में मां चंचला चौक पर कांग्रेस पार्टी का पुतला दहन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए वंदे मातरम् के सम्मान की बात कही। भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम और भारतीय संस्कृति में वंदे मातरम् का विशेष स्थान रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम् गीत के गायन को रोकने का इशारा किया गया, जो राष्ट्रगीत का अपमान है। इसी के विरोध में पुतला दहन किया गया। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरिमोहन मिश्रा ने कहा कि वंदे मातरम् किसी राजनीतिक दल का गीत नहीं, बल्कि देश की राष्ट्रीय भावना से जुड़ा गीत है। उन्होंने कांग्रेस पर राष्ट्र भावना का अपमान करने का आरोप लगाया। भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे ने कहा कि देश का हर नागरिक वंदे मातरम् के महत्व को समझता है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर राष्ट्रभक्ति की भावना का सम्मान नहीं करने का आरोप लगाया।भाजपा नेता संतन मिश्रा ने कांग्रेस पर संविधान और राष्ट्रीय भावनाओं के अपमान का आरोप लगाते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रमों में सभी दलों की भागीदारी होनी चाहिए। मौके पर नित्य गोपाल सिंह, आभा आर्या, नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत, अंजनी तिवारी, प्रवीण मिश्रा, लखिन्द्र सिंह, ब्रजेश राउत, शुभम साव, अरिजीत मिश्रा, उदय मंडल, संतोष राणा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।