आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। सिकंदरा थाना क्षेत्र की एक महिला पर आरोप है कि उसने अपने पति की हत्या करने के बाद शव को घर के बाथरूम में दफना दिया और करीब 45 दिनों तक पति की गुमशुदगी का नाटक करती रही।

जानकारी के मुताबिक, 18 मई को रूबी नाम की महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पति सुरेंद्र कुमार शर्मा कई दिनों से लापता हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी रही और इस दौरान रूबी भी परिवार व पुलिस के साथ पति की तलाश का दिखावा करती रही।

मामले में तब नया मोड़ आया, जब परिजनों के संदेह के बाद महिला से सख्ती से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने पति को खीर में नींद की गोलियां मिलाकर दीं, जिसके बाद उनकी मौत हो गई।

आरोप है कि घटना के समय घर में कोई नहीं था। इसके बाद महिला ने बाथरूम का फर्श तुड़वाकर शव को वहां दफना दिया। शव के ऊपर नमक और मिट्टी डालकर फर्श को दोबारा प्लास्टर करा दिया, ताकि किसी को शक न हो। बाद में वह रिश्तेदारों के घर चली गई और वहीं से पति के लापता होने की कहानी गढ़ी।

पुलिस ने घर के बाथरूम की खुदाई कर फर्श के नीचे से सुरेंद्र का कंकाल बरामद किया है। हालांकि जांच एजेंसियों का मानना है कि शव को दफनाने जैसी पूरी प्रक्रिया अकेले करना मुश्किल है। ऐसे में पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि इस वारदात में किसी और की भूमिका तो नहीं थी।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और पोस्टमार्टम व फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।