अहमदाबाद:  गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की 12 जून को हुए एअर इंडिया विमान हादसे में मौत की आधिकारिक पुष्टि हो गई है। रविवार सुबह करीब 11:20 बजे उनका डीएनए परीक्षण सफलतापूर्वक मिलान हुआ। इसके बाद उनका पार्थिव शरीर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

राज्य सरकार ने घोषणा की है कि विजय रूपाणी का अंतिम संस्कार सोमवार (16 जून) को राजकोट में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

विजय रूपाणी एअर इंडिया के बोइंग 787 विमान से अहमदाबाद से लंदन अपनी बेटी से मिलने जा रहे थे। विमान में उनका सीट नंबर 2D था। दुर्भाग्यवश टेक-ऑफ के कुछ ही समय बाद विमान अहमदाबाद एयरपोर्ट के पास स्थित बी. जे. मेडिकल कॉलेज की इमारत से टकरा गया जिससे विमान में सवार अधिकांश लोगों की जान चली गई।

डीएनए परीक्षण से शव की पहचान
विजय रूपाणी की पहचान डीएनए टेस्ट के ज़रिए की गई। गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल और केबिनेट मंत्री जगदीश विश्वकर्मा ने अहमदाबाद सिविल अस्पताल में इसकी पुष्टि की।

विमान हादसे में अब तक 32 शवों की डीएनए के ज़रिए पहचान हो चुकी है और 14 शवों को उनके परिजनों को सौंपा गया है।

कुल 270 लोगों की मौत एकमात्र जीवित यात्री
इस भयावह हादसे में अब तक 270 लोगों की मौत हो चुकी है। विमान में कुल 242 लोग सवार थे – 230 यात्री 10 क्रू सदस्य और 2 पायलट। हादसे में सिर्फ एक यात्री जीवित बच पाया है।

विमान जिस इमारत से टकराया उसमें मौजूद कई लोगों की भी मौत हुई है और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

मृतकों में गुजरात-राजस्थान के निवासी
अतिरिक्त सिविल अधीक्षक डॉ. रजनीश पटेल के अनुसार मृतक गुजरात और राजस्थान के विभिन्न जिलों जैसे उदयपुर वडोदरा खेड़ा मेहसाणा अरवल्ली अहमदाबाद और बोटाद से थे।

राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को सहायता पहुंचाने का कार्य जारी है। स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने सभी पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर शोक संवेदना प्रकट की है।