सौरभ रॉय/रफ्तार मीडिया

रांची: झारखंड की राजधानी रांची से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सोमवार शाम प्रोजेक्ट भवन में अचानक मंत्रियों के  साथ बैठक बुलाई है। बैठक के लिए खुद मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन पहुंच चुके हैं।अचानक बुलाई गई इस बैठक को लेकर राजनीतिक गलियारे में चर्चा तेज हो चुकी है।बताया जा रहा है कि बैठक में जेपीएससी परीक्षा विवाद और आंदोलनरत छात्रों के मुद्दे पर महत्वपूर्ण चर्चा हो सकती है। हालांकि, बैठक के एजेंडे को लेकर सरकार की ओर से अभी आधिकारिक रूप से कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

छात्रों के प्रतिनिधिमंडल से प्रस्तावित वार्ता नहीं हुई

बता दे,आज आंदोलनरत छात्रों के प्रतिनिधिमंडल के साथ राज्य सरकार की ओर से डेलिगेशन की वार्ता होनी थी। लेकिन छात्रों के डेलिगेशन के साथ प्रस्तावित बातचीत नहीं हो सकी। इसी बीच मंत्रियों का प्रोजेक्ट भवन पहुंचना और मुख्यमंत्री द्वारा अचानक कैबिनेट बैठक बुलाया जाना कई सवाल खड़े कर रहा है।
JPSC की 14वीं प्रारंभिक परीक्षा को लेकर पिछले कई दिनों से छात्र आंदोलनरत हैं। छात्र परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच, परीक्षा रद्द करने और पारदर्शी प्रक्रिया की मांग कर रहे हैं।

राहुल गांधी के पत्र के बाद बढ़ी राजनीतिक हलचल

जेपीएससी विवाद के बीच कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सह लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को लिखे गए पत्र ने भी इस पूरे मामले को नया राजनीतिक आयाम दे दिया है। राहुल गांधी ने छात्रों की मांगों और उनके आंदोलन को गंभीरता से लेने तथा उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में कदम उठाने की बात कही है।ऐसे में राहुल गांधी के पत्र और जेपीएससी आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री द्वारा अचानक कैबिनेट बैठक बुलाए जाने को राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि बैठक में सरकार जेपीएससी विवाद को लेकर क्या निर्णय लेती है और क्या छात्रों की प्रमुख मांगों पर कोई ठोस कदम उठाया जाता है।