दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा :जामताड़ा नगर पंचायत क्षेत्र के दुलाडीह स्थित नये नगर भवन परिसर जाने वाले मार्ग में नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए लगाई जा रही सोलर लाइटों को बुधवार रात असामाजिक तत्वों द्वारा पोल समेत उखाड़ दिए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद नगर पंचायत प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।जानकारी के अनुसार, नगर भवन तक आने-जाने वाले लोगों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए सड़क किनारे करीब 10 से 15 सोलर लाइटें लगाई जा रही थीं। आरोप है कि देर रात कुछ असामाजिक तत्वों ने इन सोलर लाइटों को पोल समेत उखाड़ दिया। इतना ही नहीं, संबंधित ठेकेदार को भी कार्य नहीं करने देने की धमकी दी गई। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि तरुण कुमार गुप्ता ने कहा कि नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता के नेतृत्व में कराए जा रहे विकास कार्य कुछ लोगों को रास नहीं आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्यों में बाधा पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर भवन मार्ग में लगाई जा रही करीब 10 से 15 सोलर लाइटों को नुकसान पहुंचाया गया है तथा ठेकेदार को भी धमकाया गया है। मामले को लेकर शीघ्र ही जामताड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। वहीं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडेत ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि बीती रात असामाजिक तत्वों द्वारा सोलर लाइटों को क्षतिग्रस्त किया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक सुविधाओं को नुकसान पहुंचाना न केवल सरकारी संपत्ति की क्षति है, बल्कि आम नागरिकों के हितों के साथ भी खिलवाड़ है।गौरतलब है कि जनसुविधा के लिए लगाई जा रही रोशनी व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वालों पर अब प्रशासन की नजर है और दोषियों पर कार्रवाई तय मानी जा रही है।