लोकेशन: गिरिडीह/झारखंड
रफ्तार संवाददाता: मनोज बर्मन की रिपोर्ट
गिरिडीह: द रंग संस्था के बैनर तले 4 से 6 सितंबर तक गिरिडीह में अखिल भारतीय नाट्य व नृत्य प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में देश के 15 से अधिक राज्यों के कलाकारों के शिरकत करने की संभावना है। आयोजन समिति के सदस्यों ने इस बात की जानकारी संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर दी। पंचायत कैफे परिसर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए द रंग संस्था की अध्यक्ष श्रुति सिन्हा व सचिव पुरुषोत्तम कुमार ने कहा कि गिरिडीह में अखिल भारतीय नाट्य व नृत्य प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जा रहा है। अभी तक झारखंड समेत महाराष्ट्र, बंगाल, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, उतर प्रदेश, उड़ीसा, आसाम, मणिपुर, आंध्र प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़ व मध्यप्रदेश की कई टीमों ने प्रतियोगिता में शामिल होने की सहमति भेज दी है, जबकि 15 से अधिक टीमों ने रजिस्ट्रेशन भी करवा लिया है। तीन दिवसीय यह प्रतियोगिता सवेरा सिनेमा हॉल में प्रत्येक दिन सुबह दस बजे से रात दस बजे तक आयोजित होगा। पदाधिकारियों ने इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में गिरिडीह वासियों से सहयोग की अपील की है। मौके पर संरक्षक अरविंद कुमार, रवि रंजन, सहयोगकर्ता आकाश कुमार,रोशन कुमार, सिया कुमारी, रिया मंडल, रिया सिंह राजपूत समेत द रंग संस्था से जुड़े कई कलाकार उपस्थित थे।