ओम प्रकाश तिवारी:मोतिहारी।
पूर्वी चम्पारण जिले की लखौरा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रामजानकी मंदिर से चोरी हुई अष्टधातु की मूर्ति को महज एक घंटे के भीतर बरामद कर लिया। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उल्लेखनीय है कि इससे दो दिन पूर्व केसरिया स्थित बाबा केसरनाथ मंदिर की दानपेटी चोरी की घटना का भी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर दानपेटी एवं चोरी की गई राशि बरामद की थी। लगातार दो मंदिर चोरी की घटनाओं के त्वरित उद्भेदन से पुलिस की सक्रियता सामने आई है।

यह जानकारी 04 अगस्त 2026 को मोतिहारी पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।

क्या है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार 04 अगस्त 2026 को सूचना मिली कि लखौरा थाना क्षेत्र के लखौरा मिडिल स्कूल के समीप स्थित रामजानकी मंदिर से अज्ञात चोरों ने मंदिर में स्थापित अष्टधातु की भगवान श्रीराम, लक्ष्मण एवं माता सीता की मूर्तियां चोरी कर ली हैं।

सूचना मिलते ही लखौरा थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान के साथ त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी।

एक घंटे में हुआ खुलासा

पुलिस ने महज एक घंटे के भीतर चोरी गई अष्टधातु की मूर्तियों और मुकुट के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमोद कुमार साह, पिता- रामेश्वर साह, निवासी- लखौरा बरवा, थाना- लखौरा, जिला- पूर्वी चम्पारण के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि इस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

बरामदगी

- अष्टधातु की भगवान श्रीराम, लक्ष्मण एवं माता सीता की मूर्तियां
- मुकुट

दो दिन पहले भी मिला था पुलिस को बड़ा सफलता

गौरतलब है कि दो दिन पूर्व केसरिया स्थित बाबा केसरनाथ मंदिर की दानपेटी चोरी के मामले का भी मोतिहारी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन किया था। उस मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी के साथ चोरी की गई दानपेटी एवं नगद राशि भी बरामद की गई थी। लगातार दो मंदिर चोरी के मामलों का त्वरित खुलासा पुलिस की सक्रियता और सतर्कता को दर्शाता है।

पुलिस की अपील

मोतिहारी पुलिस ने जिले के सभी धार्मिक स्थलों के प्रबंधन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

मोतिहारी पुलिस आपकी सेवा और सुरक्षा में सदैव तत्पर।