दिनबंधु राउत/जामताड़ा:.पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवाकार्य विभाग तथा झारखंड खेल प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में अस्मिता लीग 2025-26 के प्रथम चरण का आयोजन जामताड़ा के इंडोर स्टेडियम में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस चरण में बैडमिंटन, ताइक्वांडो एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें जिले के विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों की छात्राओं के साथ डे-बोर्डिंग सेंटर के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिला खेल पदाधिकारी तूफान कुमार पोद्दार ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत करते हुए उन्हें निरंतर अभ्यास करने और खेल को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है। टेबल टेनिस अंडर-15 वर्ग में साक्षी कुमारी प्रथम, अंजलि मरांडी द्वितीय और उपासना कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।वहीं अंडर-20 वर्ग में निशा कुमारी ने प्रथम, सोनिया हसदा द्वितीय और मार्शिला टुडू ने तृतीय स्थान हासिल किया।बैडमिंटन अंडर-15 गर्ल्स सिंगल्स में अन्या तिवारी विजेता और मोनिका मरांडी उपविजेता रहीं, जबकि अंडर-19 वर्ग में श्रेया श्री ने प्रथम और नाज परवीन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। ताइक्वांडो प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीते। प्रतियोगिता के अंत में सभी विजेताओं को पदक, प्रमाण पत्र एवं खेल किट देकर सम्मानित किया गया। दूसरे चरण में 29 अप्रैल को आउटडोर स्टेडियम में फुटबॉल एवं कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला खेल समन्वयक अमित साव, प्रशिक्षकगण एवं अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।