सौरभ राय/ रांची:झारखंड के जामताड़ा जिले की बेटी देवासी हेंब्रम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य और देश का नाम रौशन किया है। थाईलैंड में आयोजित एयर गन राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में देवासी हेंब्रम ने गोल्ड मेडल जीतकर एक नया इतिहास रच दिया। उनकी इस उपलब्धि के बाद झारखंड के युवा जो राइफल चैंपियनशिप में भाग लेना चाहते हैं वे उत्साहित हैं। इस बीच विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने गुरुवार को देवासी हेंब्रम को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया है।
*ग्रामीण इलाका से अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक का सफर तयकर चुकी देवासी हेंब्रम को मिला सम्मान*
जामताड़ा के एक छोटे से गांव से निकलकर थाईलैंड जैसे देश में आयोजित राइफल चैंपियनशिप के दौरान राज्य की आदिवासी बेटी देवासी हेंब्रम ने गोल्ड मेडल जीतकर अपना सपना साकार किया है। बता दे, देवासी एक सामान्य परिवार से आती है जिनके पिता खेती करते हैं और वह खुद पढ़ाई के साथ साथ पार्ट टाइम जॉब और राइफल चैंपियनशिप की तैयारी करती थी दृढ़ संकल्प और संघर्ष के सहारे वह राइफल चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल अपने नाम करने में सफल हुई।वहीं, पिछले दिनों अपने माता पिता के साथ देवासी विधानसभा पहुंचीं, जहां विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने देवासी को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
*गांवों में छिपी प्रतिभाओं को अवसर मिले तो दुनिया में लहराएंगे झारखंड के परचम- रबिन्द्रनाथ महतो*
मौके पर विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि झारखंड की बेटी देवासी ने थाईलैंड में गोल्ड मेडल जीतकर पूरे राज्य और देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सिर्फ देवासी और उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के लिए गर्व का क्षण है।उन्होंने कहा कि प्रतिभा कभी गरीब और अमीर के बीच फर्क नहीं करती गांव और ग्रामीण इलाकों में आज भी अनेक ऐसे प्रतिभाशाली युवा मौजूद हैं, जिनमें दुनिया के सामने अपनी क्षमता साबित करने का जज्बा और हुनर है अब जरूरत सिर्फ उन्हें सही मंच, संसाधन और प्रोत्साहन देने की है।
*देवासी के माता पिता हुए भावुक*
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार और समाज को मिलकर ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे लाने की दिशा में काम करना चाहिए ताकि झारखंड के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। वहीं, अपनी बेटी को सम्मानित होते देख देवासी हेंब्रम के माता पिता भी भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद उनकी बेटी ने मेहनत और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।