ज़ीरकपुर/चंडीगढ़ / रवीन्द्र कुमार:आज बलटाना–रायपुर कलां क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन रहा, जब लंबे समय से लंबित रेलवे अंडरपास (Road Under Bridge) परियोजना का विधिवत शिलान्यास सम्पन्न हुआ । यह परियोजना अंबाला–चंडीगढ़ रेल सेक्शन पर एल.सी. नं. 123 (स्पेशल) के स्थान पर बनाई जाएगी, जिससे क्षेत्रवासियों को जाम, दुर्घटनाओं और आवागमन की समस्याओं से बड़ी राहत मिलेगी ।
    इस अवसर पर महामहिम राज्यपाल पंजाब एवं प्रशासक चंडीगढ़ तथा केंद्रीय रेल राज्य मंत्री की गरिमामयी उपस्थिति रही । कार्यक्रम में माननीय सांसद मनीष तिवारी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे ।
     यह अवसर केवल शिलान्यास नहीं, बल्कि क्षेत्रवासियों के लगभग 8 वर्षों के निरंतर संघर्ष, जनआंदोलन और कई चरणों में किए गए आमरण अनशन की जीत का प्रतीक रहा । इस परियोजना को स्वीकृति दिलाने और लगातार जनहित की आवाज़ उठाने में संयुक्त संघर्ष कमेटी (Joint Action Committee) के अध्यक्ष प्रताप सिंह राणा की भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय रही ।
    प्रताप सिंह राणा ने कहा कि यह अंडरपास केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि बलटाना और आसपास के क्षेत्र के लाखों लोगों की वर्षों पुरानी मांग का परिणाम है । उन्होंने इस संघर्ष में साथ देने वाले सभी क्षेत्रवासियों, पंचों, सरपंचों, सामाजिक संगठनों, प्रशासन तथा जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया । कार्यक्रम में रायपुर कलां के पंच, सरपंच, सभी आमंत्रित अतिथि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे ।