सौरव राय/ रफ्तार मीडिया रांची :जमशेदपुर में  चर्चित हत्याकांड के बाद राजधानी रांची में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा बढ़ते नशे के प्रकोप पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से गुरुवारको देर रात रांची पुलिस और जिला प्रशासन द्वारा शहर के विभिन्न बार, लाउंज और पब में व्यापक स्तर पर छापेमारी की गई । देर रात शुरू हुई इस कार्रवाई से शहर के बार और लाउंज में हड़कंप मच गया।यह विशेष अभियान रांची के एसडीओ कुमार रजत, सिटी एसपी पारस राणा, ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह तथा रांची डीएसपी के.वी. रमन के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान में विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।

*छापेमारी के दौरान कई प्रकार के नशीले पदार्थों को किया गया जब्त*
छापेमारी के दौरान  रांची पुलिस की टीम शहर के अलग अलग बार, लाउंज और पब में पहुंची जिस दौरान लाइसेंस ग्राहकों की गतिविधियों तथा प्रतिबंधित वस्तुओं एवं सुरक्षा मानकों की गहन जांच की। जांच के क्रम में कई प्रतिष्ठानों से हुक्का और अन्य संदिग्ध नशीले पदार्थ बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया।संबंधित संचालकों से पूछताछ की गई तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई।

*नशे के बढ़ते दुष्प्रभाव और अपराध के रोकथाम के लिए किया गया औचक निरीक्षण*
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राजधानी में नशे के अवैध कारोबार, प्रतिबंधित पदार्थों के उपयोग और उससे जुड़े आपराधिक नेटवर्क पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है शहर में लॉ एंड ऑर्डर सुचारू रूप से बने रहे इसके लिए जिला प्रशासन तत्पर है।प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी प्रतिष्ठान नियमों का उल्लंघन कर अवैध गतिविधियों को बढ़ावा न दे।

*जमशेदपुर में हुई चाकुबाजी की घटना के बाद प्रशासन मुस्तैद*
जमशेदपुर में हुई चर्चित हत्या के बाद पूरे राज्य में बार, लाउंज और पब की निगरानी बढ़ा दी गई है। इसी कड़ी में रांची जिला प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से यह अभियान चलाया, ताकि कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके तथा नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।गौरतलब है कि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के निर्देश पर राज्य सरकार पहले से ही नशे के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता अभियान चला रही है। "जिंदगी को हां, नशे को ना" अभियान के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया जा रहा है।