सहरसा।नेपाल में आयोजित इंटरनेशनल डांस चैंपियनशिप 2026 (सागरमाथा कप) में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और बिहार का नाम रोशन करने वाले सहरसा की स्ट्रीट डांस अकादमी के बच्चों एवं उनके कोच नवीन सिंह राजपूत को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोगों ने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष साजन शर्मा उपस्थित रहे। वहीं मारवाड़ी महिला समिति रजनी खां, वार्ड पार्षद ताबिश मिहिर, राजद नगर अध्यक्ष कौशल यादव, समाजसेवी सोहन झा, पूर्व मुखिया अनमोल कुमार, समाजसेवी आशीष गुप्ता, पिस्टल यादव एवं विक्की कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
वक्ताओं ने कहा कि सहरसा जैसे छोटे शहर के बच्चों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाकर जिले के साथ-साथ पूरे बिहार को गौरवान्वित किया है। उन्होंने बच्चों की सफलता का श्रेय उनकी मेहनत, लगन और कोच नवीन सिंह राजपूत के मार्गदर्शन को दिया।
प्रतियोगिता में अकादमी के बच्चों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य पदक अपने नाम किए। अदित्री कर्ण और रियानशी ने स्वर्ण पदक, प्रांशी मांधना और मिशिता बांका ने रजत पदक, जबकि विशांक कश्यप, राजनंदनी कश्यप एवं रिद्धि शर्मा ने कांस्य पदक हासिल किया।
समारोह के दौरान सभी विजेता बच्चों को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि जिले के अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।