दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा।
भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष सुमित शरण के नेतृत्व में सोमवार को जिला कार्यालय सहित जामताड़ा जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी बूथों पर भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके विचारों को स्मरण किया।जिला अध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी भारत की एकता, अखंडता और राष्ट्रवाद के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपना जीवन देश की सेवा के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने सनातन संस्कृति की रक्षा और राष्ट्रीय विचारधारा को मजबूत करने के उद्देश्य से भारतीय जनसंघ की स्थापना की, जो आगे चलकर भारतीय जनता पार्टी के रूप में विकसित हुई।भाजपा नेता तरुण गुप्ता ने कहा कि डॉ. मुखर्जी के विचार और नीतियां आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि एक देश, एक विधान और एक निशान का उनका संकल्प राष्ट्रीय एकता का प्रतीक था। वहीं भाजपा नेता सुनील हांसदा ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने अखंड भारत की परिकल्पना को मजबूत किया और उनका जीवन राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि आज भाजपा कार्यकर्ता उनके बताए मार्ग पर चलकर राष्ट्र निर्माण के कार्य में जुटे हैं। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों को अपनाने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष बबिता झा, जिला उपाध्यक्ष सुकुमार सरखेल, नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत, पिंटू गुप्ता, अर्जुन सोरेन, रमेश राउत, रथु दास, लखिन्द्र सिंह, ब्रजेश राउत, मिथलेश बर्मन, टिंकू साव सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।